कानपुर में LPG कालाबाजारी के खिलाफ SP का प्रदर्शन, 19 मार्च को मनाएगी ‘काला दिवस’ (Kanpur news)
कानपुर में समाजवादी पार्टी (SP) की नगर इकाई ने महंगाई और एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के विरोध में 19 मार्च को ‘काला दिवस’ मनाने का निर्णय लिया है। पार्टी ने मंगलवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया। सपा नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने कहा कि नवरात्र और ईद जैसे बड़े त्योहारों से ठीक पहले रोजमर्रा की चीजों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
पार्टी का आरोप है कि महंगाई के साथ कालाबाजारी की दोहरी मार ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा दिया है। सपा ने भाजपा सरकार पर उपभोक्ताओं की उपेक्षा करने और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया है।
विरोध स्वरूप, सपा की पीडीए टीम 19 मार्च को 1625 बूथों पर काला फीता बांधकर महंगाई और गैस पर नियंत्रण न कर पाने को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएगी। इसके अलावा, पार्टी 23 मार्च को डॉ. राममनोहर लोहिया की जयंती पर शहर में कई स्थानों पर ‘दाम बांधो’ सम्मेलन भी आयोजित करेगी।
