कानपुर में BJP पार्षद से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार, Kanpur News
कानपुर के मूलगंज इलाके में सत्ताधारी दल के पार्षद अमित गुप्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। यह घटना तब हुई जब पार्षद अमित गुप्ता अपने साथी पार्षद आदर्श गुप्ता के साथ एक पाइपलाइन निरीक्षण के बाद लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने नशे की हालत में उन्हें रोका और गालीगलौज करते हुए मारपीट की।
पार्षद अमित गुप्ता के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें धक्का-मुक्की की और बचाने आए साथी पार्षद आदर्श गुप्ता के साथ भी अभद्रता की। हालांकि, दूसरे पक्ष के व्यापारी राजा गुप्ता ने भी पार्षद पर गालीगलौज और मारपीट का आरोप लगाया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने समझौता करा दिया था, लेकिन सोमवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पार्षद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मूलगंज थाना प्रभारी के अनुसार, पार्षद की तहरीर पर राजा गुप्ता और दीपक कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस तीसरे आरोपी आलोक चौरसिया की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि दूसरे पक्ष से भी शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
