लखनऊ में बाइक रेस के दौरान हादसा, 12वीं के छात्र की मौत; दोस्त ने बनाया वायरल video
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार इलाके में रविवार सुबह रफ्तार के जुनून ने एक छात्र की जान ले ली। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास दोस्तों के साथ अवैध बाइक रेस कर रहे 12वीं कक्षा के छात्र नैतिक कुमार (17) की हादसे में मौत हो गई। नैतिक अपने दो दोस्तों, आदित्य श्रीवास्तव और कृष्ण सिंह के साथ अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर रेस लगा रहा था।
हादसा तब हुआ जब नैतिक की बुलेट बाइक अचानक सामने आई एक स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद नैतिक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नैतिक उछलकर डिवाइडर से टकराया और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। पीछे आ रहे उसके दोस्त भी संतुलन खोकर गिर पड़े। तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान नैतिक ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। घायल आदित्य ने एम्बुलेंस में ले जाते वक्त नैतिक का वीडियो बनाया, जिसमें नैतिक की गंभीर हालत साफ दिख रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने दोस्त की संवेदनहीनता पर कड़ी आपत्ति जताई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब दोस्त जिंदगी और मौत से जूझ रहा था, तब वीडियो बनाना कितना उचित था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। हालांकि, परिवार ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और शव लेकर पैतृक गांव बाराबंकी चले गए। गोमती नगर विस्तार पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सटीक वजह जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
