ईद से पहले Lucknow news: गैस बुकिंग की समय सीमा 45 दिन हुई, ग्राहकों को परेशानी
लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में रहने वाले उपभोक्ताओं को एचपी गैस सिलेंडर की बुकिंग में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एजेंसी ने गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए बुकिंग की समय सीमा बढ़ाकर 45 दिन कर दी है, जिससे कई परिवारों में गैस खत्म होने के बावजूद वे नया सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। यह समस्या ऐसे समय में आई है जब ईद का त्योहार नजदीक है और लोगों को पकवान बनाने के लिए गैस की अधिक आवश्यकता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि एजेंसी के इस नियम के कारण उन्हें मजबूरन लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ सकता है। कई परिवारों ने बताया कि उनके घरों में गैस लगभग खत्म हो चुकी है, लेकिन 45 दिन की अवधि पूरी होने का इंतजार करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के लिए एजेंसी के फोन नंबर पर संपर्क करने में भी काफी परेशानी हो रही है, क्योंकि नंबर अक्सर व्यस्त रहता है।
इस संबंध में एचपी गैस एजेंसी के प्रबंधक दिलीप कुमार सैनी ने बताया कि एजेंसी के पास लगभग 17,500 उपभोक्ता हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि गोदाम में सिलेंडर उपलब्ध हैं, लेकिन कंपनी के नियमों के अनुसार बुकिंग होने के बाद ही सिलेंडर वितरित किए जाते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से नियमों का पालन करते हुए बुकिंग कराने की अपील की है।
