UP STF ने UPSI fraud करने वाले युवक को लखनऊ से किया गिरफ्तार, टेलीग्राम पर बेचता था फर्जी पेपर
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने प्रतियोगी परीक्षाओं के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर (UPSI) भर्ती परीक्षा के फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर ठगी करने वाले एक युवक को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर सक्रिय था और खुद को पेपर लीक कराने वाला बताकर अभ्यर्थियों को निशाना बना रहा था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने टेलीग्राम पर कई चैनल और ग्रुप बनाए हुए थे। वह इन ग्रुप्स में दावा करता था कि उसके पास यूपीएसआई भर्ती परीक्षा का “लीक पेपर” है। वह अभ्यर्थियों से पहले 10,000 रुपए एडवांस के रूप में लेता था और परीक्षा से पहले असली पेपर देने का वादा करता था। बाद में वह पेपर देने के नाम पर और 10,000 रुपए की मांग करता था। हालांकि, वह जो पेपर दिखाता था, वे वास्तव में पुराने या फर्जी प्रश्नपत्र होते थे जो पहले से ही टेलीग्राम चैनलों पर उपलब्ध थे।
एसटीएफ को इस तरह की धोखाधड़ी की सूचना मिलने के बाद टीम ने निगरानी शुरू की। पुख्ता जानकारी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने अभ्यर्थियों को ठगी का शिकार बनाया गया है। एसटीएफ ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के पेपर लीक के झांसे में न आएं और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
