UP Police Exam: दरोगा भर्ती के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, लखनऊ के लिए रूट-शेड्यूल जारी
उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (दरोगा) भर्ती के लिए 14 और 15 मार्च को लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी लखनऊ पहुंचेंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, जबकि रोडवेज भी अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा।
लखनऊ-वाराणसी और लखनऊ-प्रयागराज रूट पर स्पेशल ट्रेनें
रेलवे प्रशासन ने लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 04220 लखनऊ-वाराणसी परीक्षा विशेष 14 और 15 मार्च को शाम 6:20 बजे लखनऊ से रवाना होगी। यह ट्रेन बाराबंकी, रुदौली, अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, जौनपुर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन संख्या 04222 लखनऊ-प्रयागराज संगम परीक्षा विशेष भी 14 और 15 मार्च को शाम 5:45 बजे लखनऊ से चलेगी। यह ट्रेन रायबरेली जंक्शन, गौरीगंज, अमेठी, प्रतापगढ़ जंक्शन सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।
बिजनौर और शाहजहांपुर के लिए भी विशेष सेवा
इसके अतिरिक्त, मुरादाबाद रेल मंडल ने बिजनौर से बरेली के बीच भी एक अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन (04350-04349) चलाने की व्यवस्था की है। यह ट्रेन 14 और 15 मार्च को सुबह 4:20 बजे बिजनौर से चलकर 8:50 बजे बरेली पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर 1 बजे बरेली से बिजनौर के लिए रवाना होगी।
एक अन्य स्पेशल ट्रेन (04247-04248) लखनऊ से शाहजहांपुर के बीच चलेगी। यह ट्रेन 14 मार्च की सुबह 4:10 बजे लखनऊ से चलकर 7:15 बजे शाहजहांपुर पहुंचेगी। वापसी में यह दोपहर 1 बजे शाहजहांपुर से लखनऊ के लिए रवाना होगी।
रोडवेज भी चलाएगा अतिरिक्त बसें
रेलवे के साथ-साथ रोडवेज प्रशासन ने भी परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। 17 जिलों से आने वाले लगभग 88,000 परीक्षार्थियों को ध्यान में रखते हुए 16 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें अंबेडकर नगर, अयोध्या, कानपुर, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर और वाराणसी सहित अन्य शहरों से लखनऊ के लिए चलेंगी। हालांकि, रोडवेज बसों में यात्रा के लिए कोई मुफ्त सेवा मान्य नहीं होगी।
स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के इंतजाम
परीक्षा के दौरान लखनऊ रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन एक लाख परीक्षार्थियों और अभिभावकों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफार्म पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया बनाए हैं। अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम लगातार निगरानी करेगी, जबकि स्थानीय पुलिस स्टेशन परिसर के बाहर की व्यवस्था संभालेगी।
