लखनऊ: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के MBBS छात्र आत्महत्या, परीक्षा में बैक लगने से परेशान था MBBS स्टूडेंट
लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र परीक्षा परिणाम आने के बाद से ही गहरे तनाव में था। मृतक छात्र की पहचान गोरखपुर निवासी 22 वर्षीय राहुल कुमार विश्वास के रूप में हुई है।
परीक्षा में बैक लगने से था परेशान
बताया जा रहा है कि हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों में राहुल को कई विषयों में बैक लग गई थी। उसके भाई कुंदन ने बताया कि परिणाम आने के बाद से ही राहुल मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बुधवार रात राहुल ने अपनी मां से फोन पर बात की थी, जिसमें उसने ऑनलाइन पैरेंट्स मीटिंग के बारे में बताया था। माता-पिता ने उसे हिम्मत रखने की सलाह दी थी।
रूममेट ने देखा फंदे से लटका हुआ
फोन पर बात करने के बाद जब उसका रूममेट उसे खाने के लिए बुलाने आया, तो राहुल ने 10 मिनट बाद आने को कहा। जब रूममेट वापस लौटा, तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। वार्डन को सूचना दी गई, जिन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर राहुल फंदे से लटका मिला। उसे तुरंत इंटीग्रल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
