लखनऊ में LPG संकट: गैस की किल्लत से हाहाकार, ‘Induction’ चूल्हों की बिक्री बढ़ी
लखनऊ में LPG गैस सिलेंडरों की किल्लत ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। गुरुवार को गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन कंपनियों का सर्वर ठप होने और केवाईसी की अनिवार्यता के कारण बुकिंग और डिलीवरी पूरी तरह ठप हो गई। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कमर्शियल सप्लाई भी बंद होने से होटल, ढाबे और टिफिन सर्विस चलाने वाले व्यवसायी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई छोटे रेस्टोरेंट और ढाबे बंद होने की कगार पर हैं।
निगोहा कस्बे के एक रेस्टोरेंट मालिक अंशुल त्रिवेदी ने बताया कि उनके पास अब केवल एक सिलेंडर बचा है। इसकी वजह से उन्हें चाइनीज और चाय-कॉफी की बिक्री बंद करनी पड़ी है, और अब केवल खाना ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक चूल्हे के लिए संपर्क किया गया तो वह भी बाजार में नहीं मिल रहा है।
मोहनलालगंज के एक होटल मालिक शिवप्रकाश गुप्ता ने बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने से उनके यहां भट्टी का काम पूरी तरह बंद हो गया है। अब केवल बनी हुई मिठाई की बिक्री की जा रही है। समोसे और अन्य खाद्य सामग्री के लिए ग्राहकों को वापस भेजना पड़ रहा है।
बाजार में इंडक्शन और ओवन की बंपर बिक्री
LPG गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण बाजार में इंडक्शन चूल्हे और माइक्रोवेव ओवन की मांग में जबरदस्त उछाल आया है। पिछले पांच दिनों के भीतर लखनऊ में 15 हजार से अधिक इंडक्शन चूल्हा, माइक्रोवेव ओवन, एयर फ्रायर फ्रायर और इलेक्ट्रिक केतली बिक चुके हैं। नाका हिंडोला के एक प्रमुख व्यवसायी विनोद कुमार ने बताया कि ऊर्जा लागत में बढ़ोतरी की खबरों ने आम जनता को चिंतित कर दिया है। लोगों को आशंका है कि आने वाले दिनों में न केवल गैस की कीमतें बढ़ेंगी, बल्कि सिलेंडरों की किल्लत भी हो सकती है। इसी के चलते मांग में जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है।
लखनऊ में पहले पूरे महीने में चार से पांच हजार इंडक्शन बिकते थे, लेकिन बीते पांच दिनों में 15 हजार से अधिक इंडक्शन और माइक्रोवेव बिक चुके हैं। अयोध्या रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक आइटम कारोबारी नितिन अग्रवाल ने बताया कि शहर में 1000 से अधिक छोटी-बड़ी दुकान व शोरूम हैं। उनमें दो हजार से पांच हजार रुपये तक के इंडक्शन चूल्हे बिक रहे हैं।
बाजार में इलेक्ट्रिक केतली और हॉट प्लेट, इलेक्ट्रिक राइस कुकर की बिक्री भी खूब बढ़ी है। नाका हिंडोला परिक्षेत्र व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन मनोचा ने बताया कि स्टॉक खत्म हो रहा है, नए ऑर्डर दिए जा रहे हैं।
लखनऊ: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के MBBS छात्र आत्महत्या, परीक्षा में बैक लगने से परेशान था MBBS स्टूडेंट
Lucknow news: LDA ने नर्मदा अपार्टमेंट के 312 फ्लैटों का आवंटन किया, 743 आवेदकों ने लिया हिस्सा
लखनऊ: ‘Sleep disorder’ से बढ़ रहा हार्ट अटैक का खतरा, KGMU-लोहिया संस्थान के डॉक्टरों ने दी चेतावनी
