Kanpur news: कानपुर देहात में नदी में डूबे दूसरे युवक का शव मिला, परिवार में मातम
कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को सेंगुर नदी में डूबे दूसरे युवक का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। कानपुर नगर के बर्रा निवासी 25 वर्षीय रवि गुप्ता का शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर जाल में फंसा मिला। पुलिस ने शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल, बर्रा निवासी इंद्रजीत सचान अपने दोस्त रवि गुप्ता और अभिषेक शर्मा के साथ मंगलवार को भोगनीपुर के मांवर गांव के पास सेंगुर नदी किनारे पिकनिक मनाने आए थे। पार्टी के बाद रवि और अभिषेक नदी में नहाने उतरे, लेकिन गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। बुधवार शाम को एसडीआरएफ टीम ने अभिषेक शर्मा का शव बरामद कर लिया था, लेकिन रवि गुप्ता का पता नहीं चल पाया था।
गुरुवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दोबारा मौके पर पहुंची। पुलिस ने नदी में जाल डलवाया था, जिसमें रवि गुप्ता का शव फंसा मिला। शव देखते ही रवि की मां सीमा बेहाल हो गईं, जबकि बहनें अंशिका और रुचि बिलख उठीं। पिता विनोद ने कहा कि उनका इकलौता बेटा बुढ़ापे का सहारा था, जो छिन गया। भोगनीपुर कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
