कानपुर में पुजारी की पिटाई: नॉनवेज खाने की फोटो वायरल होने पर हंगामा, पुलिस ने किया चालान
कानपुर में एक मंदिर के पुजारी को मांसाहार करते हुए फोटो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। यह घटना कानपुर के आवास-विकास क्षेत्र स्थित भूतेश्वर मंदिर की है, जहां कथित पुजारी गोलू पंडित की कुछ पुरानी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इन तस्वीरों में गोलू पंडित को नॉनवेज खाते हुए दिखाया गया था।
रविवार रात जब गोलू पंडित मंदिर परिसर में थे, तो लगभग 50-60 लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। भीड़ ने पुजारी पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बहस बढ़ने पर कुछ आक्रोशित लोगों ने पुजारी की पिटाई कर दी। पिटाई का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुजारी को भीड़ से बचाकर थाने ले आई। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत दर्ज न होने के कारण पुजारी का शांतिभंग में चालान कर दिया। रावतपुर इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया कि पुजारी गोलू पंडित भूतेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी के बेटे हैं।
इस बीच, पुजारी गोलू पंडित ने आरोप लगाया है कि उन्हें मंदिर से हटाने के लिए कुछ लोग यह साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वायरल की गई तस्वीर या तो पुरानी है या उन्हें बदनाम करने के लिए छेड़छाड़ कर साझा की गई है।
