कानपुर में नशीला मोमोज खिलाकर लाखों की चोरी, आरोपी गिरफ्तार
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में एक फास्ट फूड दुकानदार ने अपने पड़ोसी को नशीला मोमोज खिलाकर लाखों रुपये के पुश्तैनी जेवर चुरा लिए। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आनंद नगर निवासी विजय शंकर सिंह के घर के पास गुरसहायगंज, कन्नौज का रहने वाला गौरव वर्मा फास्ट फूड की दुकान चलाता था। 28 फरवरी को विजय शंकर सिंह ने गौरव से फास्ट फूड मंगाया था। गौरव ने सामान देने के बहाने विजय को नशीला मोमोज खिला दिया। मोमोज खाने के बाद विजय बेहोश हो गए।
बेहोश होने के बाद आरोपी गौरव ने घर में रखी अलमारी से लाखों रुपये के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवर चुरा लिए। जब विजय को होश आया तो उन्होंने अलमारी से जेवर गायब पाए। उन्होंने तुरंत रावतपुर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
रावतपुर इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया कि आरोपी गौरव वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से चोरी किए गए जेवर भी बरामद किए गए हैं।
