लखनऊ: अंसल प्रॉपर्टीज के निदेशकों पर 2.40 लाख की ठगी का एक और केस दर्ज, 10 साल से नहीं मिला कब्जा
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अंसल प्रॉपर्टीज के निदेशकों पर 2.40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला बीकामऊ खुर्द के गौरव सिंह ने दर्ज कराया है, जिन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें कंपनी ने 10 साल से अधिक समय तक परेशान किया है।
गौरव सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वर्ष 2014 में अंसल प्रॉपर्टीज के चेयरमैन सुशील अंसल और वाइस प्रेसिडेंट प्रणव अंसल सहित अन्य पदाधिकारियों से संपर्क किया था। उन्होंने कंपनी के सेक्टर सी स्थित (ग्राउंड फ्लोर) एलआईजी संपत्ति का आवंटन कराया था और इसके लिए 2.40 लाख रुपये कंपनी के खातों में जमा किए थे। कंपनी ने उन्हें दो से तीन वर्ष के भीतर संपत्ति की रजिस्ट्री और कब्जा देने का वादा किया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक दशक बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो संपत्ति का कब्जा मिला और न ही रजिस्ट्री हुई। उन्होंने कई बार कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें टालमटोल किया गया। जब उन्होंने विरोध किया, तो उन्हें धमकी भी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
