यूपी में शंकराचार्य के विरोधी पर जानलेवा हमला, यूट्यूबर अनुराग डोभाल ने की आत्महत्या की कोशिश: UP news roundup
उत्तर प्रदेश में शनिवार को कई बड़ी खबरें सामने आईं। कौशाम्बी जिले में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला किया गया है। हमलावरों ने धारदार हथियार से उनकी नाक काटने की कोशिश की। आशुतोष ने खुद को टॉयलेट में बंद कर अपनी जान बचाई और शंकराचार्य सहित उनके सहयोगियों पर हमले का आरोप लगाया है।
मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस’ फेम अनुराग डोभाल, जिन्हें ‘यूके07 राइडर’ के नाम से जाना जाता है, ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार टकराकर कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के अनुसार, उन्होंने 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार दौड़ाई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें मेरठ से दिल्ली रेफर किया गया है। घटना का एक लाइव वीडियो भी वायरल हो रहा है।
प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्चे का दिनदहाड़े अपहरण हो गया। स्कूल वैन से उतरकर दादा के साथ घर जा रहे मासूम को कार सवार बदमाशों ने कुछ सेकेंड में उठाकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है और बच्चे की बरामदगी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
यूपी के गोरखपुर में राजघाट थाना क्षेत्र के घंटाघर में सराफा व्यापारी के कर्मचारी से जीएसटी अधिकारी बनकर 9.50 लाख रुपये की टप्पेबाजी करने वाले ईरानी गैंग के दो शातिर जालसाजों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपियों के पास से 1.80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण दुबई समेत खाड़ी देशों में फंसे भारतीय जान बचाकर भाग रहे हैं। बागपत का दानिश दुबई से ओमान पहुंचा है और वहां के खौफनाक हालात बयां किए हैं। फ्लाइट्स कैंसिल होने और महंगे टिकटों के कारण हजारों भारतीय संकट में हैं। इसी बीच, खाड़ी देशों में फंसे दो बेटों से रात में फोन पर बात करने के बाद यूपी में एक मां की सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। उड़ानें बंद होने से वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके।
यूपी के बुलंदशहर में रविवार सुबह मार्च के महीने में जनवरी जैसा घना कोहरा देख हर कोई हैरान रह गया। बेमौसम धुंध के कारण दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार कम हो गई। वैज्ञानिक भी हैरान हैं और इसे दुर्लभ मौसम घटना मान रहे हैं।
