लखनऊ: राजाजीपुरम में Smart Meter लगाने पर हंगामा, बिना आर्मर्ड केबल के हो रहा काम
लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित सरीपुरा में शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने मीटर लगा रही निजी संस्था के कर्मचारियों को घेर लिया और काम रोक दिया। यह हंगामा करीब एक घंटे तक चला।
दरअसल, बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं ताकि बिजली चोरी पर अंकुश लगाया जा सके। शनिवार को जब कार्यदायी संस्था के कर्मचारी सरीपुरा में पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने आर्मर्ड केबल का उपयोग करने की मांग की। कर्मचारियों ने इसे अनसुना कर दिया, जिसके बाद लोग भड़क गए।
स्थानीय निवासी देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि जब टीम से आर्मर्ड केबल की मांग की गई, तो कर्मचारियों ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उन्हें बिजली विभाग द्वारा आर्मर्ड केबल उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि बिना आर्मर्ड केबल के मीटर लगाने से भविष्य में शॉर्ट-सर्किट या मीटर क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहेगा।
वहीं, टीम के सुपरवाइजर सिकंदर ने तर्क दिया कि उन्हें पुराने केबल पर ही मीटर लगाने के निर्देश मिले हैं। नाराज लोगों ने एक्सईएन (मीटर) को फोन किया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
इस संबंध में एक्सईएन (मीटर), लखनऊ सेंट्रल, पवन राय ने कहा कि कार्यदायी संस्था को आर्मर्ड केबल लगाकर स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश हैं। उन्होंने राजाजीपुरम प्रकरण की जांच करने और उसके बाद आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
