लखनऊ में online fraud के तीन मामले, महिला समेत तीन से ठगे लाखों रुपये
लखनऊ में साइबर ठगों का आतंक जारी है। जालसाजों ने एक महिला समेत तीन लोगों के बैंक खातों से 3.66 लाख रुपये उड़ा लिए। ये घटनाएं बिजनौर, पीजीआई और बीबीडी थाना क्षेत्रों में हुई हैं। पुलिस ने तीनों मामलों को दर्ज कर साइबर क्राइम सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
आरटीओ चालान के नाम पर ठगी
बिजनौर निवासी राजेंद्र पाल को 22 फरवरी को मोबाइल पर आरटीओ चालान की एपीके फाइल का मैसेज मिला। उन्हें लगा कि यह उनकी गाड़ी का चालान है और उन्होंने बिना सोचे समझे लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। 24 घंटे बाद पीड़ित को पता चला कि उनके बैंक खाते से 1,74,899 रुपये निकल चुके हैं। पीड़ित ने बिजनौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
एयर इंडिया सदस्यता और सीमेंट डिलीवरी का झांसा
एसजीपीजीआई कैंपस निवासी इंदिरा मेहरोत्रा ने 2 मार्च को फेसबुक पर एयर इंडिया का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में सदस्यता लेने का विकल्प था। क्लिक करने पर उन्हें व्हाट्सएप पर पंजीकरण के लिए एक ऐप डाउनलोड कराया गया। इसके बाद जालसाज ने उनके खाते से चार बार में 1,00,500 रुपये निकाल लिए।
इसी तरह, बीबीडी क्षेत्र में रह रहे जितेंद्र प्रताप सिंह ने सीमेंट खरीदने के लिए एक कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया। जालसाज ने उनसे 91 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। डिलीवरी न होने पर उन्हें ठगी का पता चला और उन्होंने बीबीडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
