लखनऊ में बंद घरों को निशाना बना रहे चोर, Sports Teacher के घर 90 लाख की चोरी
लखनऊ में होली के त्योहार के दौरान बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोरों का आतंक बढ़ गया है। इंदिरानगर, कृष्णा नगर और काकोरी जैसे इलाकों में कई वारदातें सामने आई हैं। सबसे बड़ी घटना इंदिरानगर में हुई, जहां एक स्पोर्ट्स टीचर के घर से चोरों ने करीब 90 लाख रुपये का माल पार कर दिया।
इंदिरानगर के बाल विहार कॉलोनी निवासी शिप्रा सिंह अपने परिवार के साथ हैदराबाद गई हुई थीं। उन्होंने घर की देखभाल के लिए अपनी दोस्त को चाबी सौंपी थी। दोस्त जब घर पहुंची तो ताले टूटे मिले। शिप्रा सिंह ने वीडियो कॉल पर देखा कि चोरों ने मेन गेट समेत तीन ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया था। चोरों ने अलमारी के लॉकर तोड़कर एक लाख रुपये नकद, पुस्तैनी आभूषण, सोने-चांदी के जेवर और यहां तक कि चांदी के लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति भी चुरा ली। हैरानी की बात यह है कि चोर सीसीटीवी फुटेज मिटाने के लिए डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
इसी तरह की एक अन्य घटना कृष्णा नगर क्षेत्र में हुई। अलीनगर निवासी धर्मेंद्र कुमार भी होली मनाने अपने पैतृक गांव बिहार गए थे। वापस लौटने पर उन्हें पता चला कि चोरों ने उनके घर का इंटरलॉक तोड़कर जेवर से भरी अटैची चुरा ली है।
काकोरी के नरौना स्थित शुभ सिटी कॉलोनी में भी एक शिक्षक के बंद मकान को निशाना बनाया गया। शिक्षक विनय कुमार होली पर उन्नाव गए थे। चोरों ने उनके घर से करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने इन सभी मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
