ईरान-इजरायल युद्ध का असर: घरेलू LPG सिलेंडर 60 रुपये महंगा, कमर्शियल पर भी बढ़ी कीमत
ईरान और इजरायल के बीच चल रहे तनाव का असर अब आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है। खाड़ी देशों से गैस और तेल की सप्लाई बाधित होने के कारण घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कीमतों में भारी उछाल आया है। करीब 11 महीने बाद घरेलू रसोई गैस (14.2 किग्रा) की रीफिलिंग की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 114 रुपये से अधिक महंगा हो गया है। नई कीमतें शनिवार सुबह से लागू हो गई हैं।
घरेलू सिलेंडर की नई दरें
घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की सीधी वृद्धि की गई है। अब तक 14.2 किलोग्राम वाला सिलेंडर 890.50 रुपये में मिल रहा था, जिसकी कीमत बढ़कर 950.50 रुपये हो गई है। इस बढ़ोतरी से मध्यमवर्गीय परिवारों के रसोई बजट पर सीधा असर पड़ेगा।
कमर्शियल सिलेंडर पर बड़ा बोझ
व्यावसायिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है। इसकी पुरानी कीमत 1891.00 रुपये थी, जो अब बढ़कर 2005.50 रुपये हो गई है। यानी एक सिलेंडर पर 114.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसका सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर पड़ेगा, जिससे बाहर खाना खाने और मिठाई-नाश्ते की दुकानों पर भी महंगाई बढ़ने की आशंका है।
