लखनऊ में Tappebaazi: बाजार गई महिला से ठगों ने सोने के जेवर लूटे, FIR दर्ज
लखनऊ के हसनगंज इलाके में एक महिला टप्पेबाजी का शिकार हो गई। बाजार में खरीदारी के दौरान ठगों ने महिला को झांसे में लिया और उसके सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ित महिला के पति ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एक महिला और दो पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरौलिया निवासी राजकिशोर राठौर ने बताया कि उनकी पत्नी आशा 28 फरवरी को डालीगंज बाजार गई थी। बाजार में उन्हें एक महिला और दो पुरुष मिले, जिन्होंने बातों में फंसाकर आशा को मेडिकल कॉलेज चौराहे तक ले गए। चौराहे पर पीपल के पेड़ के नीचे ठगों ने आशा को अपने जेवर उतारने को कहा। आशा ने अपनी सोने की चेन और कान के झाले उतारकर उन्हें सौंप दिए।
ठगों ने आशा को एक थैला दिया, जिसमें कागज की गड्डी और संतरे रखे थे। ठगों ने महिला को घर जाकर ही थैला खोलने की हिदायत दी थी। घर पहुंचने पर जब आशा ने थैला खोला तो उसमें जेवर नहीं थे। इसके बाद राजकिशोर ने हसनगंज थाने में FIR दर्ज कराई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
