UP politics news: योगी के ‘काला चश्मा’ पहनने पर अखिलेश का तंज, बोले- यूपी वाले पूछ रहे क्यों भाया?
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। अखिलेश ने सीएम योगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें वह होली के मौके पर काला चश्मा पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। अखिलेश ने इस वीडियो को शेयर करते हुए तंज कसा और कहा कि ‘यूपी वाले पूछ रहे काला चश्मा इतना क्यों भाया है।’
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘ऐसा कर्म क्यों करता वो कि सबसे आंख चुराता है। आते समय लगाया था, अब जाते समय लगाया है।’ यह टिप्पणी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होली के दौरान गोरखनाथ मंदिर में हुए रंगोत्सव और पूजा में शामिल होने के संदर्भ में की गई है।
अखिलेश यादव ने केवल काला चश्मा विवाद तक ही अपनी आलोचना सीमित नहीं रखी। उन्होंने शंकराचार्य प्रकरण का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि सरकार ने इस मुद्दे को सुलझाने के बजाय अहंकार से काम किया। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को सनातन धर्म का सबसे बड़ा अनुयायी मानते हैं, वे बेनकाब हो गए हैं। अखिलेश ने गीता का हवाला देते हुए कहा कि जो दूसरों के दर्द को अपने दर्द के रूप में महसूस करता है, वही सच्चा योगी है। केवल कुछ विशेष कपड़े पहनने से कोई योगी नहीं बन जाता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हालिया जापान यात्रा पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार ने पहले बहुत अधिक राशि के समझौतों का दावा करने के बाद एक लाख करोड़ रुपये के नए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का समय समाप्त हो गया है और अब उसकी विदाई का समय आ गया है।
दूसरी ओर, होली के पावन महापर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में होलिका भस्म की पूजा कर होली मनाने का शुभारंभ किया। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में फाग गीतों का आनंद लिया और गोवंश को भस्म व गुलाल लगाकर गोसेवा की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गोरक्षपीठाधीश्वर के संग जमकर रंगों और फूलों की होली खेली।
