लखनऊ में रोटी पर थूकने का मामला: कारीगर गिरफ्तार, ‘Lucknow Roti Case’ से हड़कंप
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक मुरादाबादी बिरयानी की दुकान पर रोटी बनाते समय थूकने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। वीडियो में दिख रहे कारीगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब यह दुकान रमजान के दौरान इफ्तार के लिए और सामान्य दिनों में भी बड़ी संख्या में ग्राहकों को आकर्षित करती थी।
वायरल वीडियो में आरोपी कारीगर अनस को तंदूर में रोटी लगाने से पहले हर रोटी पर थूकते हुए साफ देखा जा सकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला, जिसके बाद लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और दुकान की पहचान की। जांच में सामने आया कि यह दुकान पारा थाना क्षेत्र में प्राचीन बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के पास दूध मंडी के सामने स्थित है। आरोपी अनस बाराबंकी जिले के कोठी भानामऊ का निवासी है।
पारा थाना इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि जांच के दौरान रोटियों में थूकने की बात की पुष्टि हुई है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे शांति भंग के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह दुकान हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के बीच लोकप्रिय थी। इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में स्वास्थ्य और धार्मिक भावनाओं को लेकर नाराजगी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और शांति बनाए रखें।
