कानपुर देहात में मौसम तल्ख: तेज धूप से बढ़ी गर्मी, किसानों की बढ़ी चिंता
कानपुर देहात में मौसम के तेवर फिर से तल्ख हो गए हैं। तेज धूप और पारे में वृद्धि के कारण गर्मी बढ़ने लगी है। शुक्रवार को पारा सामान्य से पौने चार डिग्री ऊपर चढ़कर 31.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे लोग छाया तलाशते नजर आए। इस अचानक बदले मौसम का गेहूं और सब्जी जैसी फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिससे किसान परेशान हैं और अपनी फसलों को बचाने के उपाय कर रहे हैं।
मौसम में आए इस बदलाव के साथ ही खांसी, जुकाम और बुखार जैसी बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखी जा रही है, जिनमें अधिकांश बुखार, जुकाम और खांसी से पीड़ित हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पारा सामान्य से 3 डिग्री से ऊपर रहने का असर गेहूं की फसल पर पड़ सकता है, जिससे दाने का पूरा विकास नहीं हो पाता। सब्जी की फसलों पर भी नमी कम होने का असर पड़ना तय है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करें।
