लखनऊ ग्रीन कॉरिडोर के नीचे बनेंगे स्पोर्ट्स एरीना, LDA ने दिए निर्देश
लखनऊ के नागरिकों को जल्द ही ग्रीन कॉरिडोर के नीचे खेल और मनोरंजन की नई सुविधाएं मिलेंगी। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने समतामूलक चौक से डालीगंज के बीच बन रहे ग्रीन कॉरिडोर के नीचे खाली जगह का सदुपयोग करने की योजना बनाई है। LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने हाल ही में कॉरिडोर का निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
तीन स्थानों पर बनेंगे स्पोर्ट्स एरीना
LDA उपाध्यक्ष ने बताया कि निशातगंज पुल, हनुमान सेतु और डालीगंज पुल के पास ग्रीन कॉरिडोर के नीचे पर्याप्त जगह उपलब्ध है। इस जगह पर बच्चों और युवाओं के लिए किड्स प्ले-एरिया, ओपन जिम और स्पोर्ट्स एरीना विकसित किए जाएंगे। इन एरीना में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस, पिकेल बॉल और बॉक्स क्रिकेट जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्राधिकरण ने इससे पहले गोमती नगर में ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे भी इसी तरह का स्पोर्ट्स एरीना विकसित किया है, जिसकी तर्ज पर यह नया प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।
उर्मिला वन के लिए स्लिप रोड
निरीक्षण के दौरान, उपाध्यक्ष ने कुकरैल नदी के पास विकसित किए जा रहे उर्मिला वन की कनेक्टिविटी पर भी ध्यान दिया। वर्तमान में उर्मिला वन तक पहुंचने के लिए केवल बंधा रोड ही एकमात्र विकल्प है, जो काफी संकरा है। इसे देखते हुए, कुकरैल नदी की तरफ से उर्मिला वन और रिवर फ्रंट को जोड़ने के लिए एक स्लिप रोड बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
अंतिम चरण में ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण
समतामूलक चौक से डालीगंज पुल तक ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण अंतिम चरण में है और इसी महीने इसे नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। नवनिर्मित चौराहों पर स्कल्पचर्स लगाने और मीडियन पर पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। खाटू श्याम मंदिर के पास पार्किंग और वेंडिंग जोन भी विकसित किए जाएंगे।
