लखनऊ में Property Fraud: तालाब की जमीन बेचकर महिला से लाखों की ठगी
लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में एक महिला को सरकारी जमीन बेचकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। महिला ने एक प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि उसने जिस जमीन को खरीदा था, वह असल में सरकारी तालाब की जमीन थी। जब उसने इस धोखाधड़ी का विरोध किया और पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, पीड़िता कंचन ने जून 2020 में जमीन खरीदने के लिए प्रॉपर्टी डीलर शिव मोहन उर्फ ब्रज मोहन सिंह से संपर्क किया था। शिव मोहन ने अपने बेटे शिवपाल सिंह, सुनील कुमार शुक्ला और भगोले के साथ मिलकर गौरी क्षेत्र में खसरा संख्या 650 की 900 वर्गफुट जमीन का सौदा किया। महिला ने चेक और नकद के माध्यम से लाखों रुपये का भुगतान किया।
कुछ समय बाद महिला को पता चला कि जिस जमीन का बैनामा उसे किया गया है, वह सरकारी तालाब की जमीन है। यह जानकारी मिलते ही महिला ने आरोपियों से संपर्क किया और अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और महिला को धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। सरोजनीनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
