CM योगी के निर्देश पर ‘घूसखोर पंडत’ OTT film के निर्देशक पर FIR, धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने में आगामी फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ के निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई फिल्म के शीर्षक और प्रचार सामग्री के माध्यम से धार्मिक और जातिगत भावनाओं को आहत करने के आरोप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, फिल्म का शीर्षक और प्रचार सामग्री प्रथमदृष्टया आपत्तिजनक पाई गई है। इसमें एक समुदाय विशेष (ब्राह्मण) को लक्षित कर अपमानित करने का प्रयास किया गया है। इस OTT film के कंटेंट को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में तीव्र प्रतिक्रिया देखने को मिली है, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी।
एफआईआर दर्ज होने से पहले ही वाराणसी और प्रयागराज में फिल्म के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे। प्रयागराज में राष्ट्रीय परशुराम सेना ब्रह्मवाहिनी ने सुभाष चौराहे पर फिल्म निर्माता का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने पुतले को चप्पलों से पीटा और उसमें आग लगाई। वहीं, काशी के ब्राह्मणों ने अहिल्याबाई घाट पर प्रदर्शन कर फिल्म का नाम बदलने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर फिल्म को बैन नहीं किया गया तो वे गंगा तट पर यज्ञ करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज में सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक/जातिगत भावनाओं को आहत करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। इसी आधार पर हजरतगंज पुलिस ने फिल्म के निर्देशक और उनकी टीम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और कानूनी प्रावधानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
