Aligarh Numaish: गायक Masoom Sharma के गानों पर विवाद, पुलिस ने दी चेतावनी
अलीगढ़ नुमाइश में 11 फरवरी को हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कोहिनूर मंच पर होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शहर में काफी उत्साह है, लेकिन पुलिस प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं। दरअसल, मासूम शर्मा के कई गाने हरियाणा सरकार द्वारा प्रतिबंधित हैं, जिन पर ‘गन कल्चर’ और ‘बदमाशी’ को बढ़ावा देने का आरोप है। इनमें ‘एक खटोला जेल के बाहर’ जैसे गाने शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने सावधानी बरतते हुए नुमाइश प्रभारी को एक पत्र भेजा है। इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम के दौरान गायक द्वारा किसी भी प्रतिबंधित गाने की प्रस्तुति न दी जाए। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि देश के अन्य हिस्सों में भी इन गानों को लेकर विवाद और हंगामक स्थितियां बन चुकी हैं।
हरियाणा सरकार ने हाल ही में 67 गानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाया था, जिनमें मासूम शर्मा के 19 गाने शामिल थे। अलीगढ़ प्रशासन ने इवेंट मैनेजर को भी इस संबंध में सूचित कर दिया है। एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि इवेंट मैनेजर को प्रतिबंधित गानों की सूची सौंप दी गई है और उन्हें नियमों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
