अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के एक होटल में बुधवार देर शाम एक लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े मामले में सनसनी फैल गई। यहां 25 वर्षीय जीशान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जीशान की...
अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के एक होटल में बुधवार देर शाम एक लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े मामले में सनसनी फैल गई। यहां 25 वर्षीय जीशान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जीशान की प्रेमिका काजल ने पुलिस को बताया कि उसने होटल के पास एक निर्माणाधीन भवन में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, जीशान के परिजनों ने काजल पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने काजल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जीशान सिविल लाइन क्षेत्र के जमालपुर आसिफ नगर का निवासी था और टेंपो चलाता था। लगभग तीन साल पहले वह मसूदाबाद चौराहा स्थित देव होटल में काम करने वाली काजल के संपर्क में आया। इसके बाद दोनों गांधीपार्क क्षेत्र के नौरंगाबाद में किराए के कमरे में लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। काजल होटल में साफ-सफाई का काम करती थी।
काजल के अनुसार, बुधवार देर शाम जीशान नशे की हालत में होटल आया। उसने अपनी जर्सी उतारकर वाशिंग मशीन में डाल दी और तेज आवाज में बज रहे गानों पर डांस करने लगा। काजल ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर जीशान होटल की ऊपरी मंजिल पर गया और पास के निर्माणाधीन भवन में जाकर कथित तौर पर फंदा लगा लिया। काजल ने ही जीशान को अचेत अवस्था में देखकर ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जीशान के भाई रिहान ने पुलिस को बताया कि काजल होटलों में काम करती है और उसका पेशा युवकों को फंसाकर ब्लैकमेल करना है। रिहान ने आरोप लगाया कि काजल जीशान को भी परेशान कर रही थी, जिसके कारण जीशान ने घर आना छोड़ दिया था। परिजनों ने दावा किया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है। परिजनों ने यह भी बताया कि काजल ने जीशान से शादी करने से मना कर दिया था क्योंकि वह अलग समुदाय की थी और उसे डर था कि उसके परिजन उसे संपत्ति से बेदखल कर देंगे। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि काजल के परिवार में कोई नहीं है।
पुलिस के अनुसार, जीशान के गले पर कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है, जिससे मामला संदिग्ध बना हुआ है। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।