कानपुर: CSJMU में CSA छात्रों ने किया शैक्षिक भ्रमण, Genetic Research Lab की बारीकियां समझीं
कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी विभाग में सोमवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA) के छात्र-छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण किया। यह भ्रमण CSJMU के प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी की देखरेख में आयोजित किया गया। CSA विश्वविद्यालय के प्लांट बायोकेमिस्ट्री एवं प्लांट फिजियोलॉजी विभाग की शिक्षिकाएं डॉ. सुनीता कुमारी और डॉ. शक्ति सिंह समेत 40 छात्र-छात्राओं ने इस भ्रमण में हिस्सा लिया।
भ्रमण के दौरान छात्रों को विभाग की निदेशक डॉ. अनुराधा कालानी, सह-निदेशक डॉ. राजीव मिश्रा और डॉ. आलोक पांडेय ने यीस्ट जेनेटिक रिसर्च लैब, सेंट्रल इंस्ट्रूमेंटेशन फैसिलिटी, प्लांट टिश्यू कल्चर लैब तथा फिश लैब का दौरा कराया। छात्रों को इन प्रयोगशालाओं में होने वाले शोध कार्यों और उन्नत उपकरणों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
छात्रों ने RT-PCR, HPLC, GC-MS और माइक्रोस्कोप जैसे अत्याधुनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझा। यह शैक्षिक भ्रमण छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस दौरान डॉ. चंद्रेश शर्मा, डॉ. श्रीहर्ष, डॉ. रंजना गौतम और डॉ. वर्षा गुप्ता सहित अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।
