कानपुर में ई-रिक्शा चालकों को राहत, पनकी खबर, पनकी RTO सेंटर में फिर शुरू हुई फिटनेस जांच
कानपुर में ई-रिक्शा चालकों की मांग को देखते हुए परिवहन विभाग ने पनकी स्थित पुराने आरटीओ केंद्र पर फिटनेस जांच दोबारा शुरू कर दी है। यह फैसला तब लिया गया जब ई-रिक्शा चालकों ने चौबेपुर स्थित नए ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर की दूरी को लेकर विरोध जताया। चालकों का कहना था कि चौबेपुर केंद्र शहर से 30-35 किलोमीटर दूर है, जिससे ई-रिक्शा की बैटरी खत्म होने का खतरा रहता है।
परिवहन आयुक्त ने इस दलील को स्वीकार करते हुए पनकी केंद्र पर ई-रिक्शों की फिटनेस जांच की अनुमति दे दी। आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को 11 ई-रिक्शों की जांच की गई और उन्हें फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किए गए।
सुरक्षा के लिए नया नियम लागू
परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा की फिटनेस जांच के दौरान एक नया नियम भी लागू किया है। अब ई-रिक्शा के बाहरी हिस्से पर चालक का मोबाइल नंबर अंकित कराना अनिवार्य होगा। यह नियम आपातकाल की स्थिति में यात्रियों को चालक से संपर्क करने में मदद करेगा और दुर्घटना के बाद भागने वाले चालकों को पकड़ने में भी सहायक होगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पनकी केंद्र पर केवल ई-रिक्शों की ही फिटनेस जांच होगी। अन्य सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच चौबेपुर स्थित ऑटोमैटिक सेंटर पर ही जारी रहेगी।
