पैरा डार्ट्स नेशनल चैंपियनशिप में UP का जलवा, खिलाड़ियों ने जीती ट्रॉफी
कानपुर में इंडियन डिसेबिलिटी डार्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रथम पैरा डार्ट्स नेशनल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में यूपी ने चैम्पियनशिप ट्रॉफी जीतकर अपना दबदबा साबित किया। यह आयोजन रमादेवी स्थित मलिक गेस्ट हाउस में हुआ, जिसमें देश भर के पैरा एथलीटों ने हिस्सा लिया।
यूपी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के दूसरे दिन वुमेंस व्हीलचेयर वर्ग में यूपी की सोनी गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि मध्य प्रदेश की वंशशिखा परासर दूसरे और यूपी की द्रक्शा परवीन तीसरे स्थान पर रहीं। वुमेंस स्टैंडिंग वर्ग में भी यूपी का जलवा रहा, जहां पायल ने स्वर्ण, नीलम देवी ने रजत और भावना देवी ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष व्हीलचेयर वर्ग में महाराष्ट्र के दत्ता देवुआ भारती प्रथम रहे, जबकि यूपी के अमरनाथ चौहान ने रजत पदक जीता। महाराष्ट्र के शाहिद अंसारी तीसरे स्थान पर रहे। डेफ वुमेंस वर्ग में भी यूपी की प्रियांशी ने पहला और शालू यादव ने दूसरा स्थान हासिल किया। डेफ पुरुष वर्ग में सुमित कुशवाहा और आदर्श कुमार ने भी क्रमशः पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. संजय कपूर और एसोसिएशन फॉर डिसेबल्ड पीपल के कोऑर्गनाइज़र प्रदीप राज ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में यूपी के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
