कानपुर में KDA का अवैध प्लॉटिंग पर एक्शन, डर से खुद तोड़ी जमीन | Kanpur news
कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शहर भर में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान का असर इतना व्यापक हुआ है कि ख्योरा कटरी क्षेत्र में डेवलपर्स ने KDA की कार्रवाई के डर से खुद ही अपनी अवैध प्लॉटिंग को तोड़ दिया। KDA ने इस क्षेत्र में एक परिसर को सील भी किया है।
KDA के जोन एक-बी में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। ख्योरा कटरी में प्यारेलाल, रामदुलारी, सुंदर लाल और सुनील की अराजी संख्या 1267 और 1268 पर अवैध प्लॉटिंग की गई थी। इसके अलावा, सुधीनपुरवा में भी छह बीघा जमीन पर अवैध निर्माण चिह्नित किया गया था। KDA ने इन सभी डेवलपर्स को नोटिस जारी किए थे और ध्वस्तीकरण की तैयारी चल रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, KDA के अभियान की गति को देखते हुए प्लॉटिंग कराने वालों ने खुद ही निर्माण तोड़ लिया। ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बिठूर और कल्याणपुर इलाकों में भी 12 बीघा अतिरिक्त अवैध निर्माण चिह्नित किए गए हैं। इन सभी पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
