Budget 2026: निर्मला सीतारमण ने पेश किया बजट, नौकरीपेशा और किसानों के लिए बड़े ऐलान संभव
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने के बाद संसद में Budget 2026 पेश किया। इस बजट से मध्यम वर्ग, किसानों और गरीबों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सरकार इस बजट में पांच बड़ी घोषणाएं कर सकती है, जिनमें इनकम टैक्स में छूट और किसानों के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाना शामिल है।
इनकम टैक्स में मिल सकती है बड़ी राहत
नौकरीपेशा लोगों के लिए सबसे बड़ी उम्मीद इनकम टैक्स में छूट को लेकर है। नए टैक्स रिजीम के तहत स्टैंडर्ड डिडक्शन को 75,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जा सकता है। इससे सैलरीड क्लास के लिए 13 लाख रुपये तक की आय टैक्स फ्री हो सकती है। यह कदम मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देगा।
किसानों और गरीबों के लिए बड़े ऐलान
किसानों के लिए पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की राशि बढ़ाने की घोषणा हो सकती है। मौजूदा 6,000 रुपये की राशि को बढ़ाकर 9,000 रुपये प्रति वर्ष किया जा सकता है। यह मांग पिछले कुछ सालों से की जा रही है। इसके अलावा, आयुष्मान भारत (PM-JAY) योजना का दायरा भी बढ़ाया जा सकता है। अभी 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को इस योजना का फायदा मिल रहा है, जिसे घटाकर 60 साल किया जा सकता है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और सोलर पर फोकस
रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए सरकार इस बार रिकॉर्ड फंड आवंटित कर सकती है। वेटिंग लिस्ट की समस्या को कम करने के लिए 300 से अधिक नई अमृत भारत और वंदे भारत ट्रेनों की घोषणा की जा सकती है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत 2 kW तक के सोलर सिस्टम पर सब्सिडी को 30,000 रुपये प्रति किलोवाट से बढ़ाकर 40,000 रुपये करने का ऐलान भी संभव है।
सोना-चांदी हो सकते हैं सस्ते
बजट में इम्पोर्ट ड्यूटी (आयात शुल्क) में बदलाव से कुछ वस्तुओं की कीमतें प्रभावित हो सकती हैं। सरकार सोना और चांदी पर लगने वाली बेसिक कस्टम ड्यूटी को 6% से घटाकर 4% कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो सोना प्रति 10 ग्राम करीब 3,000 रुपये और चांदी 6,000 रुपये सस्ती हो सकती है।
