UP Voter List: मतदाता सूची पुनरीक्षण की तारीख बढ़ेगी, वरिष्ठ नागरिकों को घर पर मिलेगी मदद
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जारी ड्राफ्ट सूची पर दावे व आपत्तियों की तारीख बढ़ाई जाएगी। अभी 6 फरवरी अंतिम तारीख है, लेकिन बड़ी संख्या में मतदाताओं का सत्यापन बाकी है। ऐसे में चुनाव आयोग जल्द ही समय सीमा बढ़ाने की घोषणा करेगा। इसके साथ ही, जिन मतदाताओं को नोटिस जारी होने के बाद भी उन्होंने जवाब नहीं दिया है, उन्हें दोबारा मौका दिया जाएगा।
मतदाताओं के नाम का मिलान वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो पाने के कारण 1.04 करोड़ लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 50 प्रतिशत से भी कम लोगों ने अभी तक जवाब दिया है। इसी कारण आयोग समय सीमा बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
लखनऊ जिले में मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए चल रहे एसआईआर अभियान के तहत मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि वरिष्ठ नागरिकों को अब बूथ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वृद्धावस्था, शारीरिक कमजोरी या बीमारी की वजह से सुनवाई केंद्रों तक पहुंचने में असमर्थ मतदाताओं की मदद के लिए बीएलओ उनके घर जाएंगे। कमिश्नर ने नई कॉलोनियों और पीएम आवास कॉलोनी में विशेष कैंप लगाने के भी निर्देश दिए हैं।
इस बीच, लखनऊ विश्वविद्यालय में एसआईआर: मुद्दे एवं चुनौतियां विषयक कार्यशाला आयोजित की गई। विशेषज्ञों ने एसआईआर की संवैधानिक पृष्ठभूमि पर चर्चा की और तकनीकी प्रशिक्षण की कमी को एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में बढ़ती जागरूकता को भी सराहा।
