Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में गणतंत्र दिवस के बाद मौसम ने अचानक करवट ली है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव आया है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड वापस लौट आई है।
मौसम विभाग (IMD) ने पूरे दिन बारिश जारी रहने की संभावना जताई है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के नारनौल जैसे कुछ इलाकों में तो बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई है, लेकिन दिनभर बादल छाए रहने और धूप न निकलने के कारण ठिठुरन महसूस हो रही है।
बारिश के बावजूद दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। सुबह 9 बजे सीपीसीबी (CPCB) ने 294 एक्यूआई दर्ज किया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी के बीच ही रहेगा।
