Vasant Kunj news: बच्चों के पार्क में दुकानें बनाने पर DDA के खिलाफ प्रदर्शन
दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थानीय निवासियों और बच्चों ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के एक फैसले के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध सरस्वती और नर्मदा अपार्टमेंट के एकमात्र पार्क में दुकानें बनाने की डीडीए की योजना को लेकर है। सोमवार को बच्चों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर मार्च निकाला, जिसमें उन्होंने अपने खेलने की जगह को बचाने की मांग की।
निवासियों का कहना है कि यह पार्क दोनों अपार्टमेंट के बच्चों के लिए खेलने की इकलौती जगह है। उनका आरोप है कि डीडीए ने 2010 में सोसायटी बेचते समय कुछ दुकानें बनाई थीं, लेकिन वे दुकानें आज तक आवंटित नहीं हुई हैं। इसके बावजूद डीडीए अब बच्चों के पार्क में नई दुकानें बनाने की तैयारी कर रहा है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष विक्रम गहलोत के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर डीडीए अधिकारियों और केंद्र व दिल्ली सरकार को कई बार पत्र लिखे गए हैं। अधिकारियों से मुलाकात भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बच्चों ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि पार्क में दुकानें बनने से उनकी आजादी छिन जाएगी और उन्हें घरों में कैद होकर रहना पड़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि डीडीए को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए और बच्चों के खेलने के लिए जगह को सुरक्षित रखना चाहिए।
