AMU Mini Marathon: हैदर और काजल ने जीती दौड़, गणतंत्र दिवस पर होगा सम्मान
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय भावना और स्वास्थ्य के संकल्प को बढ़ावा देने के लिए मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस दौड़ में बालक वर्ग के हैदर अब्बास और बालिका वर्ग की काजल चौधरी ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति प्रो. मो. गुलरेज़ ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में खेल को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने विशेष रूप से मतदाता दिवस और गणतंत्र दिवस के संदर्भ में कहा कि लोकतंत्र का भविष्य तभी सुरक्षित है जब उसका युवा शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से सजग और नैतिक रूप से मजबूत हो।
लगभग सात किलोमीटर लंबी यह मिनी मैराथन यूनिवर्सिटी फुटबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होकर कैंपस के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः वहीं संपन्न हुई। परिणामों में बालक वर्ग में एसएस हॉल नॉर्थ के हैदर अब्बास ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता पर अपना दबदबा बनाया। बालिका वर्ग में एसएन हॉल की काजल चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अब्दुल्ला हाल की वंशिका राज द्वितीय एवं आईजी हाल की यशा मज़हर तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को गणतंत्र दिवस परेड के पश्चात विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर नाईमा खातून द्वारा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप प्रथम स्थान पर ₹3000, द्वितीय पर ₹2000 तथा तृतीय पर ₹1000 की धनराशि निर्धारित की गई है।
