Aligarh police news: फर्जी बरामदगी का वीडियो वायरल, 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद अकराबाद थाना पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है। यह वीडियो दो महीने पहले मोबाइल लूट के मामले में हुई गिरफ्तारी से संबंधित है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपियों की जेब में चाकू और मोबाइल रखते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिसकर्मी पहले आरोपियों की जेब में चाकू और मोबाइल रखते हैं, फिर उन्हीं वस्तुओं को बरामदगी के रूप में दिखाकर वीडियो बनाते हैं।
यह घटना 29 नवंबर 2025 को अकराबाद थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां दो बदमाशों ने पनैठी निवासी एक युवक का मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने इस मामले में सूरज गौतम और सोनू को गिरफ्तार किया था और दावा किया था कि उनके पास से दो मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए गए हैं। हालांकि, हाल ही में वायरल हुए 4 मिनट 57 सेकंड के वीडियो ने पुलिस के दावे की पोल खोल दी। वीडियो में चार पुलिसकर्मी एक सुनसान जगह पर दोनों आरोपियों के साथ हैं और बरामदगी का फर्जी सीन फिल्मा रहे हैं।
वीडियो के सामने आने के बाद अलीगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से पनैठी चौकी प्रभारी एसआई रोहित संधू, एसआई अलख राम, सिपाही मनोज कुमार और अमित को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी ने एसपी देहात को 48 घंटे के अंदर मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। सीओ छर्रा संजीव कुमार तोमर ने बताया कि निष्पक्ष जांच के लिए पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है और जांच के आधार पर दोषी पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
