गणतंत्र दिवस से पहले AMU Mini Marathon में दौड़े छात्र, हैदर और काजल ने जीती बाजी
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) परिसर रविवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रभावना, लोकतांत्रिक चेतना और स्वास्थ्य के संकल्प से गूंज उठा। यूनिवर्सिटी ने मिनी मैराथन का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति प्रो. मो. गुलरेज़ ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में खेल को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने मतदाता दिवस और गणतंत्र दिवस के संदर्भ में कहा कि लोकतंत्र का भविष्य तभी सुरक्षित है, जब युवा शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से सजग और नैतिक रूप से मजबूत हो।
हैदर और काजल ने जीती बाजी
लगभग सात किलोमीटर लंबी यह मिनी मैराथन यूनिवर्सिटी फुटबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होकर कैंपस के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः वहीं संपन्न हुई। बालक वर्ग में एसएस हॉल नॉर्थ के हैदर अब्बास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में एसएन हॉल की काजल चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अब्दुल्ला हाल की वंशिका राज द्वितीय एवं आईजी हाल की यशा मज़हर तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को कुलपति करेंगी सम्मानित
विजेताओं को गणतंत्र दिवस परेड के पश्चात विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर नाईमा खातून द्वारा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप प्रथम स्थान पर ₹3000, द्वितीय पर ₹2000 तथा तृतीय पर ₹1000 की धनराशि निर्धारित की गई है।
