मालेगांव में गुब्बारा गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, 5 लोग घायल; Malegaon news
महाराष्ट्र के मालेगांव शहर में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। गुब्बारे में गैस भरते समय हीलियम सिलेंडर फटने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं शामिल हैं और चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना मालेगांव कैंप क्षेत्र के कॉलेज स्टॉप के पास हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा सुबह करीब 10:10 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, एक गुब्बारा विक्रेता सड़क किनारे खड़े होकर गुब्बारों में गैस भर रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नासिक रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए गुब्बारा विक्रेता मोहम्मद सादिक मकबूल अहमद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
