अलीगढ़ में स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, 7 युवतियों समेत 14 गिरफ्तार | Aligarh news
अलीगढ़ पुलिस ने शहर के समद रोड स्थित मंगलम कॉम्प्लेक्स में चल रहे दो स्पा सेंटरों पर रविवार रात को छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये स्पा सेंटर देह व्यापार का अड्डा बन चुके हैं। पुलिस ने क्लासिक और क्लाउड-7 नाम के इन सेंटरों से सात युवतियों और सात ग्राहकों व स्टाफ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से इन सेंटरों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक सिपाही को ग्राहक बनाकर भेजा, जिसने सेंटरों के अंदर चल रहे अवैध धंधे की पुष्टि की। इसके बाद सीओ तृतीय सर्वम सिंह और एसीएम दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। छापे के दौरान सेंटरों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई युवतियों में से कुछ दिल्ली, पश्चिम बंगाल और नेपाल की हैं, जिन्हें मासिक वेतन पर यहां बुलाया गया था। सेंटरों के अंदर छोटे कमरे बने हुए थे जिनमें बेड लगे थे, जो मसाज सेंटर के बजाय देह व्यापार के लिए इस्तेमाल हो रहे थे। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
पुलिस ने क्लाउड-7 के संचालक पार्टनर संजय और रिसेप्शनिस्ट को भी गिरफ्तार किया है। वहीं क्लासिक सेंटर का संचालक फरार है। पकड़े गए ग्राहकों में युवा और छात्र भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन सेंटरों में एंट्री फीस के बाद अंदर सुविधाओं के लिए अलग से शुल्क लिया जाता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
