आगरा: करोड़ों के जेवर खेत में गाड़े, प्रेमिका संग बेंगलुरु में ऐश का प्लान था चोर का
आगरा की रोजर इंडस्ट्रीज लिमिटेड जूता फैक्ट्री से 18 जनवरी की रात हुई 7.70 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा हो गया है। पुलिस की 10 टीमों ने 72 घंटे की मशक्कत के बाद फैक्ट्री के कंप्यूटर ऑपरेटर अनुपम शर्मा, उसके भाई अनुराग शर्मा और दोस्त संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि अनुपम शर्मा ने गिरफ्तारी से पहले ही एक शातिर योजना बनाई थी। उसने तय किया था कि अगर वह पकड़ा गया तो नकदी पुलिस को दे देगा, लेकिन करोड़ों रुपये के जेवर बेचकर वह प्रेमिका के साथ बेंगलुरु में घर बसाएगा। इसी योजना के तहत उसने चोरी किए गए जेवरों को बटेश्वर के एक खेत में चार अलग-अलग जगहों पर गड्ढे खोदकर छिपा दिया था।
फैक्ट्री के सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को शक अनुपम पर हुआ था। पूछताछ में पहले तो आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उन्होंने नकदी और जेवर छिपाने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने चारों गड्ढों से जेवर बरामद कर लिए हैं। इस चोरी के खुलासे में सिटी जोन की एसओजी, सर्विलांस, साइबर सर्विलांस, काउंटर इंटेलीजेंस और सिकंदरा थाने की टीमों ने अहम भूमिका निभाई।
