बिहार चुनाव 2025: शांतिपूर्ण मतदान के लिए 12 हजार लोगों से भराया गया बांड
भागलपुर जिले में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में जिले के 12401 व्यक्तियों से बाध्यकारी बांड भरवाया गया है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को चिन्हित व्यक्तियों को ‘बाउंड डाउन’ करवाने और कुख्यात अपराधियों को क्षेत्र बदर करने का फिर से प्रस्ताव देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 2687 लाइसेंसशुदा शस्त्रों में से अब तक केवल 930 शस्त्र ही जमा कराए गए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक ने दो दिनों में 50 प्रतिशत और चार दिनों में 70 प्रतिशत शस्त्र जमा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है, साथ ही चुनाव से पहले शत प्रतिशत शस्त्र जमा कराने पर जोर दिया। हालांकि, निजी सुरक्षा या सुरक्षा गार्ड के लिए शस्त्र रखने की अनुमति मांगने वाले व्यापारियों या अभ्यर्थियों के बॉडीगार्ड को अनुमति दी जा सकती है।
प्रशासन ने BNS की धारा 126 और 127 के तहत 12401 लोगों को ‘बाउंड डाउन’ किया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने CCA-3 और CCA-12 के तहत क्षेत्र बदर किए गए अपराधियों की संबंधित थानों में हाजिरी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराधी थाना में उपस्थित नहीं होता है, तो उसे सीधे पकड़कर जिला दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया जाए। पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने बताया कि गुंडा पंजी के अनुसार प्रत्येक रविवार को गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों का सत्यापन कराया जाता है।
मतदाता जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाने और मतदाता पर्ची वितरण का क्रॉस सत्यापन करवाने का निर्देश दिया गया। उन मतदाताओं और वर्गों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन्होंने पिछले चुनाव में मतदान नहीं किया था। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने 2 नवंबर तक वोटर इनफार्मेशन स्लिप और वोटर गाइड पुस्तिका का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जितिन कुमार सहित संबंधित कोषांग के पदाधिकारी उपस्थित थे।
