कानपुर में कड़ाके की ठंड बनी जानलेवा, हार्ट अटैक से एक और बुजुर्ग की मौत
कानपुर में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर जानलेवा साबित हो रही है। ठंड लगने और सीने में दर्द के कारण लगातार लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पुर गांव निवासी एक 60 वर्षीय बुजुर्ग कृष्ण अवतार की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
इस मौसम में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ गया है। रात में कड़ाके की ठंड किसानों, बच्चों, बुजुर्गों और विशेष रूप से सांस और हृदय रोगियों के लिए घातक सिद्ध हो रही है। कृष्ण अवतार की मौत के साथ ही, इस मौसम में ठंड के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।
जिले में कड़ाके की सर्दी के साथ-साथ जुकाम, बुखार, खांसी, पेट और सीने के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है। अस्पतालों में बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। बच्चों में निमोनिया के मामले भी बढ़ रहे हैं। सोमवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 1643 नए और 300 पुराने मरीज आए, जिनमें अधिकांश सर्दी जनित बीमारियों से पीड़ित थे।
