Lucknow cyber fraud: क्रिप्टो में निवेश का झांसा देकर युवक से 12 लाख की ठगी
लखनऊ में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा मामला आशियाना थाना क्षेत्र का है, जहां जालसाजों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर एक युवक से 12 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आशियाना एलडीए कॉलोनी सेक्टर सी-1 निवासी हिमांशु द्विवेदी के अनुसार, 28 दिसंबर को उन्हें टेलीग्राम ऐप पर क्रिप्टो करेंसी में निवेश का ऑफर मिला। जालसाज ने खुद को सीबीओई कंपनी का कर्मचारी बताया और निवेश पर दोगुना-चार गुना मुनाफा कमाने का लालच दिया।
आरोप है कि जालसाजों ने रजिस्ट्रेशन, कमीशन और निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में उनसे कुल 12 लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस कमिश्नर लखनऊ से शिकायत की। अधिकारियों के निर्देश पर आशियाना पुलिस ने आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
