UP का Integrated Court Complex मॉडल देश के लिए बनेगा बेंचमार्क: मुख्य न्यायाधीश
चंदौली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य न्यायाधीश ने छह एकीकृत न्यायालय परिसरों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल पूरे देश के लिए एक बेंचमार्क बनेगा। उन्होंने कहा कि वह अन्य राज्यों में भी यूपी सरकार के इस उदाहरण को प्रस्तुत करेंगे और वहां भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने का आह्वान करेंगे।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 कोर्ट कॉम्प्लेक्स की घोषणा की थी, जिनमें से छह की स्थापना का कार्य आज शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि ये इंटीग्रेटेड ज्यूडिशियल कोर्ट कॉम्प्लेक्स अगले 50 वर्षों तक न्याय परिसर की आवश्यकताओं को सशक्त रूप से पूरा करने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन परिसरों में अधिवक्ताओं और आम आदमी के लिए प्रदान की गई सुविधाएं सराहनीय हैं।
मुख्य न्यायाधीश ने संविधान में जिला न्यायपालिका के महत्वपूर्ण स्थान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं की सोच यही थी कि जिला न्यायपालिका स्थापित होने से लोगों को अपने क्षेत्र में ही कोर्ट की सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि जनपद न्यायालयों में प्रैक्टिस करने वाली महिलाओं के लिए अलग से बार रूम बनाए जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कॉम्प्लेक्स में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी बनवाने का अनुरोध किया, जिससे बुजुर्गों और वादकारियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से निजात मिल सके।
