Aligarh news: स्कूल बस से टकराई बाइक, मजदूर की मौके पर मौत
अलीगढ़ जिले के जवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अमरौली कस्बे में एक स्कूल बस और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मुबीन खान के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।
मुबीन खान अमरौली कस्बे का ही निवासी था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे के समय वह अलीगढ़ से अपने गांव लौट रहा था। अमरौली कस्बे में राममूर्ति अस्पताल के पास सामने से आ रही स्कूल बस से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मुबीन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर अमरौली पुलिस चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लिया और उसकी शिनाख्त की। मुबीन के परिवार को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुबीन के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा है।
