0

बलिया में 5 दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका (Ballia news)

By Jan 16, 2026

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बांसडीह नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 में पांच दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई है। 12 जनवरी को घर से लापता हुए युवक सुरेंद्र चौहान का शव शुक्रवार सुबह कुएं से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पड़ोसी पर संदेह जताया है।

सुरेंद्र चौहान 12 जनवरी की शाम करीब 5 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 13 जनवरी को मृतक के पिता राजबली चौहान ने कोतवाली बांसडीह में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में उन्होंने अपने पड़ोसी अशोक चौहान पर बेटे को गायब करने का संदेह भी जताया था।

परिजनों के अनुसार, तलाश के दौरान 15 जनवरी को गांव के बाहर स्थित एक कुएं के पास सुरेंद्र के कपड़े बरामद हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कुएं में तलाशी कराई थी, लेकिन तब कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो कुएं से तेज दुर्गंध उठती देख उन्होंने शोर मचाया। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने कुएं में शव देखा और उसकी पहचान सुरेंद्र चौहान के रूप में की।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मृतक के परिजनों द्वारा जताए गए संदेह सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें