बिहार में भू-माफिया अविनाश यादव गिरफ्तार, मधेपुरा पुलिस ने STF के साथ की कार्रवाई
मधेपुरा पुलिस की एसआईटी और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खोपैती पंचायत के पैक्स अध्यक्ष और भू-माफिया अविनाश कुमार यादव उर्फ अविनाश आनंद को पटना से गिरफ्तार किया है। अविनाश यादव पर मधेपुरा थाना क्षेत्र में कुल आठ मामले दर्ज हैं, जिनमें पैक्स में गबन, मारपीट और जबरन जमीन पर कब्जा करने के आरोप शामिल हैं। इनमें से पांच मामलों में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, अविनाश यादव 2018 से लेकर 2025 के बीच दर्ज कई मामलों में फरार चल रहा था। हाल ही में 27 दिसंबर को गांव के ही संतोष सिंह और उनके स्वजन के साथ जमीन विवाद में मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। जबरन जमीन कब्जाने की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए राज्य पुलिस मुख्यालय ने इस मामले का संज्ञान लिया था।
राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक संदीप ने एएसपी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। एसआईटी ने वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिये एसटीएफ के सहयोग से बुधवार को छापेमारी की और अविनाश यादव को पटना जिले से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे गुरुवार को मधेपुरा लाया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भू-माफिया अविनाश आनंद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक चुनौती बन गई थी। पुलिस के अनुसार, अविनाश यादव मनबढ़ू किस्म का भू-माफिया है, जो धन बल के सहारे कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसकी गिरफ्तारी से समाज में व्याप्त भय का माहौल खत्म होगा और अपराध में कमी आएगी।
