यूपी पुलिस के ‘हाफ एनकाउंटर’ के डर से लुटेरा थाने पहुंचा, बोला- लंगड़ा मत करना
यूपी के कानपुर में महिला सिपाही से लूट का आरोपी शयान रजा उर्फ शयान मिर्जा ‘हाफ एनकाउंटर’ के डर से अपने परिवार और साथियों के साथ सीसामऊ थाने में आत्मसमर्पण करने पहुंचा। थाने पहुंचकर उसने पुलिस से कहा, “साहब मैं हाजिर हो गया हूं। अब लंगड़ा मत करना।” उसके आत्मसमर्पण के दौरान साथ आए लोगों ने आरोपी का वीडियो भी बनाया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस ने आरोपी के साथी मारूफ को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर को महिला थाने में तैनात सिपाही पिंकी पाल नाइट ड्यूटी समाप्त करके अपने आवास लौट रही थीं, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उनका पर्स लूट लिया था। पर्स में 10 हजार रुपये, ब्लूटूथ डिवाइस व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
पूछताछ में मारूफ ने बताया था कि वह और शयान रजा शराब पीने के लिए पैसे खत्म होने पर लूट की वारदात को अंजाम देने निकले थे। मारूफ के जेल जाने के बाद शयान शहर छोड़कर फतेहपुर भाग गया था। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए फतेहपुर पहुंची थी, जिसकी जानकारी होने पर आरोपी ने ‘हाफ एनकाउंटर’ के डर से थाने में सरेंडर कर दिया।
आरोपी के पास से लूटी गई ब्लूटूथ डिवाइस और 770 रुपये नकद बरामद हुए हैं। शयान कर्नलगंज थाने से आर्म्स एक्ट में भी जेल जा चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शयान न्यायालय में सरेंडर करने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम के फतेहपुर में डेरा डालने की भनक लगने पर वह भाग निकला। पुलिस ने उसकी कार को पकड़ लिया था, लेकिन आरोपी नहीं मिला। कुछ देर बाद वह खुद थाने पहुंच गया।
