लखनऊ में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बुआ-भतीजे की मौत (Lucknow news)
लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार बुआ और उनके 13 वर्षीय भतीजे की जान चली गई। महिला का भाई गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक कपूर कली चौरसिया (52) अपने भाई विजयपाल चौरसिया (40) और भतीजे अंश (13) के साथ उन्नाव से लखनऊ आ रही थीं। वे सरोजनीनगर स्थित अपने बेटे के घर जा रहे थे। परिवार को कानपुर से गंगासागर यात्रा के लिए ट्रेन पकड़नी थी।
दोपहर करीब 1:30 बजे कानपुर रोड स्थित सैनिक स्कूल के पास यह हादसा हुआ। ट्रक ने बाइक को इतनी जोर से टक्कर मारी कि तीनों सड़क पर गिर गए। ट्रक कपूर कली को कुचलते हुए निकल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने कपूर कली को मृत घोषित कर दिया और अंश व विजयपाल को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर किया। इलाज के दौरान अंश ने भी दम तोड़ दिया। विजयपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक को स्कूटर इंडिया चौराहे के पास से हिरासत में लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
