झींझक में केबिल बॉक्स जलने से 10 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति, उपभोक्ता परेशान
कानपुर देहात के झींझक में एक केबिल बॉक्स में आग लगने की घटना ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे कुंतलिया गांव के पास केबिल बॉक्स में आग लगने से न्यू भोला नगर विद्युत सबस्टेशन के सभी फीडर ठप हो गए।
बिजली गुल होने से कुंतलिया गांव, न्यू भोलानगर और झींझक पावर हाउस के उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। भीषण सर्दी के मौसम में पानी की समस्या, मोबाइल चार्जिंग में दिक्कत और कारखानों के संचालन में बाधा उत्पन्न हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ब्लॉक कर्मचारियों को भी परेशानी हुई।
सूचना मिलते ही लाइनमैन जितेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दस घंटे की अथक प्रयास के बाद दिन में लगभग 4:30 बजे केबिल बॉक्स को ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
न्यू भोला नगर के जेई विद्युत पंकज कुमार ने बताया कि केबिल बॉक्स जलने के कारण उपभोक्ताओं को समस्या हुई थी, लेकिन अब विद्युत आपूर्ति पहले की तरह सामान्य रूप से बहाल कर दी गई है।
